Tuesday, 19 November 2019

श्रीकृष्ण - सगुण भक्त तो योगी से भी उत्तम है !
गीता में बारहवें अध्याय के दूसरे श्लोक में श्रीकृष्ण ने कहा है कि मेरे सगुण रूप की अनन्य भाव से भक्ति करने वाला भक्त मुझे उत्तम योगी से भी अति उत्तम लगता है।  जो भक्त मेरे में मन लगाए रह कर तथा मेंरे में ही ध्यान स्थिर रखते हुए अपने कर्तव्य कर्म करता रहता है वह किसी कर्मयोगी से कम नहीं। वह मेरी शरण में है, मेरे भरोसे है, मेरी ही बात सुनता है, मेरे ही अनुसार कार्य करता है। तब मै उस का सारथी बन जाता हूं। उस के सारे दायित्व निर्विघ्न पूरे कराता हूं।
   ऐसे श्रीकृष्ण का भक्त कौन होता है ? बङी साधारण बात है - जो मनुष्य अपना खान पान, कर्म धर्म, लेन देन, आचार व्यवहार, पूजा पाठ आदि भगवान के निमित्त ही करता है ; वही उनका भक्त है।  कुल मिला कर यह एक प्रकार की मानसिक अवस्था है , आंतरिक स्थिति है ।यह मनोयोग है, भावबोध है, विचार बोध है। कृष्ण या एक परम शक्त प्रति पल मेरे साथ है ; ऐसा विश्वास बोध है। न तन मेरा, न धन मेरा, न मन मेरा, न भोग मेरे, न योग मेरा ; सब कृष्ण का है। यह संकल्प बोध है। ऐसा मनुष्य अवश्य ही अति उत्तम भक्त है। उस का फिर कुछ नहीं बिगङता है।
   वह तुम्हारे अंदर है तो कोई भी डर क्यों ? तुम उस के साथ हो तो फिर चिंता कैसी ? वे तुम्हारा आधार है तो तुम गिरोगे कैसे !  उस को हृदय में बैठा रहने दो।ं अब बाहर के उत्पात बाहर ही रहेंगे। तुम पर असर नहीं करेंगे। कृष्ण कहते हैं कि तू सारे झंझट छोङ कर मेरी शरण में बैठ जा(18/66)। तुझे परेशान करने वाले सारे उत्पातों से तुझे मै मुक्त कर दूंगा। यहां तक कहते हैं कि मेरी बात का विश्वास कर। मै सच कह रहा हूं ; क्यों कि तू मेरा भक्त है, शिष्य है, मेरा सखा है(18/65)।
   कृष्ण कहते हैं कि मेरा ऐसा भक्त नष्ट नहीं होता (अध्याय 9, श्लोक 31)। उस का पतन नहीं होता। उस का पुनर्जन्म नहीं होता   (अध्याय 9, श्लोक 25)। उसे पुनः विकार नहीं व्यापते। वह फिर से भोग में आसक्त नहीं होता। ...एक बार जिस के हृदय में प्रभु सारथी हो जाएं, उस का पतन कैसे सम्भव है।





No comments:

Post a Comment